जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार तड़के सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर लतीफ भट को घेर लिया। सुरक्षाबलों ने उसे वीडियो कॉल पर सरेंडर करने को कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया और कहा कि वह खुश है और उसे अल्लाह से मिलना है। अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है और आतंकी को जिंदा पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

एक पुलिस अधिकारी ने भट से कहा, 'तुम सरेंडर कर दो, हम तुम्हारे साथ हैं।' जवाब में उसने कहा, 'मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं।' अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ बुधवार तड़के घाटी की मस्जिदों से सुबह की नमाज के लिए अजान होने से कुछ ही देर पहले शुरू हुई। सुरेंडर के लिए की गई अपील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

भट 11 नवंबर को सीआरपीएफ चेकपॉइंट पर हुए हमले में शामिल था, जिसमें अर्धसैनिक बल के तीन जवान घायल हो गए थे। खुफिया जानकारी के बाद सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। यह गांव पहले हुई मुठभेड़ के स्थल से कुछ दूरी पर है। सोमवार को लारू बाईपास इलाके में सुरक्षाबलों ने उमर निसार डार नाम के आतंकवादी को मार गिराया था, जो उसी हमले में शामिल था और भट सोमवार को मुठभेड़ स्थल से बचकर फरार हो गया था।

अधिकारियों के अनुसार, डार ने कथित तौर पर भट को करीब छह महीने तक पनाह दी और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई। दोनों ने पिछले सप्ताह सीआरपीएफ की चौकी पर हमले से पहले इलाके की रेकी की थी। डार पहले ब्रेड बनाने का काम करता था और उसके परिवार ने उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी। वह पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' में कथित तौर पर शामिल हुआ था और इसके बमुश्किल एक सप्ताह बाद सोमवार को मारा गया।