जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी लतीफ भट मारा गया। मुठभेड़ स्थल से उसका शव और एक हथियार बरामद किया गया है। इस कार्रवाई के बाद सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश पोस्ट किया, जिसने ध्यान खींचा है। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, "बधाई हो साथियों। कुछ पकवान ठंडे परोसे जाने पर ही सबसे अच्छे लगते हैं, भले ही मौसम ठंडा हो।" उनके संदेश में मुठभेड़ या आतंकी लतीफ भट का सीधा जिक्र नहीं था।

मुठभेड़ से पहले आतंकी से बार-बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने मना कर दिया। सुबह सुरक्षा बलों ने उसे वीडियो कॉल भी किया, जिसमें अधिकारियों ने उससे सरेंडर करने को कहा। सामने आए वीडियो में एक अधिकारी को भट से यह कहते हुए सुना गया, "हम तुम्हारे साथ हैं।" हालांकि, उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और कहा कि मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है और मैं बहुत खुश हूं। ऑपरेशन के दौरान मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

भट का साथी उमर निसार डार इससे पहले सोमवार को कुलगाम में हुई एक मुठभेड़ में मारा गया था। निसार और लतीफ 11 नवंबर को सीआरपीएफ की एक चौकी पर हुए हमले में शामिल थे।