केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट के मारे जाने पर प्रतिक्रिया दी। शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि बुधवार तड़के चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों ने लतीफ भट को मार गिराया। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और खुफिया एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से अंजाम दिया गया, जिसमें सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहद उच्च स्तर का तालमेल रहा। गृह मंत्री ने इन सभी एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करते हुए कहा कि देश उनके साहस को नमन करता है।
भट का एक आतंकी सहयोगी उमर निसार भी इससे एक दिन पहले कुलगाम में मारा गया था। बताया गया है कि निसार और लतीफ 11 नवंबर को सीआरपीएफ की एक चौकी पर हुए हमले में शामिल थे।
भाजपा नेता रविंदर रैना ने लतीफ भट के मारे जाने को बड़ी कामयाबी बताया। उन्होंने कहा कि आतंकवादी पर लाखों रुपये का इनाम था और सुरक्षा बलों ने उसे सरेंडर करने का पूरा मौका दिया, यहां तक कि उसके परिवार वालों को भी बुलाया गया, लेकिन वह एक मस्जिद के अंदर छिप गया। रैना के अनुसार, सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने मस्जिद का पूरा सम्मान बनाए रखा और उसे तभी मार गिराया गया जब उसने भागने की कोशिश की।
बताया गया है कि बुधवार सुबह सुरक्षाबलों ने लतीफ भट से बार-बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। सामने आए वीडियो में एक अधिकारी को भट से यह कहते हुए सुना गया, 'हम तुम्हारे साथ हैं।' हालांकि, उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और कहा कि मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। इसके बाद सुरक्षाबलों की कार्रवाई में आतंकी मारा गया। इस ऑपरेशन के दौरान मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
