लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ पाने के लिए हरियाणा में करीब दो लाख महिलाओं को अपनी जन्मतिथि सत्यापित करानी होगी, जिनमें रेवाड़ी जिले की 7308 महिलाएं शामिल हैं। परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोआर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला के अनुसार, सत्यापन के बाद ही महिलाओं को योजना का लाभ मिल सकेगा।

प्रदेशभर में जन्मतिथि सत्यापन के कुल 1,98,707 आवेदन लंबित हैं। इनमें जींद में सबसे अधिक 13884, पलवल में 13349, करनाल में 12696, सोनीपत में 11569, भिवानी में 11031 और यमुनानगर में 10130 आवेदन लंबित हैं। रेवाड़ी में 7308, अंबाला में 7522, झज्जर में 7265, हिसार में 7051 और महेंद्रगढ़ में 6871 आवेदन लंबित बताए गए हैं।

सेवा विभाग की ओर से पात्र महिलाओं को एसएमएस भेजे गए हैं। संदेश में दिए निर्देशों के अनुसार महिलाओं को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, 10वीं की मार्कशीट या जन्मतिथि से जुड़ा अन्य प्रमाण पत्र ऑनलाइन अपलोड करना होगा। जांच के बाद क्रिड विभाग परिवार पहचान पत्र में जन्मतिथि सत्यापित करेगा। योजना के लिए आयु पात्रता जन्मतिथि के आधार पर तय होती है, इसलिए सत्यापन के बिना आवेदन आगे नहीं बढ़ेगा और लाभ भी नहीं मिलेगा।

ऑनलाइन प्रक्रिया में दिक्कत आने पर महिलाएं नजदीकी सीएससी, अटल सेवा केंद्र या संबंधित विभाग के कार्यालय से मदद ले सकती हैं। डॉ. सतीश खोला के अनुसार, जिन महिलाओं को जन्मतिथि सत्यापन के संबंध में एसएमएस मिला है, उन्हें प्रमाणित दस्तावेज निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से जमा कराने होंगे। सही जानकारी देना और आवश्यक प्रमाण उपलब्ध कराना जरूरी है।