महाराष्ट्र के पुणे में येवालेवाड़ी इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड रिसर्च के बाहर बस स्टॉप पर खड़े छात्रों से टकरा गया। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस के मुताबिक, ट्रक बोपदेव घाट की खड़ी ढलान से नीचे उतर रहा था, इसी दौरान ड्राइवर का ट्रक पर नियंत्रण नहीं रहा। ट्रक पहले सड़क पर खड़ी एक कार से टकराया और फिर सड़क किनारे से उतरकर बस स्टॉप की तरफ चला गया, जहां कॉलेज के छात्र बस का इंतजार कर रहे थे। हादसा अचानक हुआ, जिससे छात्रों को बचने का मौका नहीं मिला। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों तथा पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि घायल हुए पांचों छात्रों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सिद्धेश राजे, विशाल डांगड़े और मोहिनी चौधरी की मौत हो गई। अन्य दो घायल छात्रों की पहचान श्वेता तालेकर और सोहम घांघले के रूप में हुई है। श्वेता तालेकर का इलाज वानोवरी स्थित रूबी हॉल क्लिनिक में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि सोहम घांघले को कोंढवा के इनामदार अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने हादसे के बाद 22 साल के ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जांच कर रही है कि ट्रक बेकाबू कैसे हुआ और ड्राइवर ने ब्रेक या स्टीयरिंग पर नियंत्रण क्यों खो दिया। हादसे का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें ट्रक के पहले कार से टकराने और फिर बस स्टॉप पर खड़े छात्रों की तरफ जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है।
