मैनपुरी में जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छह में प्रवेश के लिए परीक्षा 28 नवंबर को जिले के 12 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। शैक्षिक सत्र 2027-28 की 80 रिक्त सीटों के लिए जिले के सभी नौ ब्लाकों से कुल 4686 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
नवोदय विद्यालय प्राचार्य राजेश यादव ने बताया कि सभी केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कराई जा रही हैं। केंद्रों पर नवोदय विद्यालय के स्टाफ को पर्यवेक्षक बनाया गया है और जिला प्रशासन के मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र ब्लाक स्तर पर बीआरसी को भेज दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को संबंधित केंद्र पर एक घंटे पहले पहुंचना होगा।
बुधवार को डीआइओएस कार्यालय के सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों और पर्यवेक्षकों की बैठक हुई, जिसमें परीक्षा संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। परीक्षा के लिए पं. दीनदयाल उपाध्याय जीआइसी शाहजहांपुर घिरोर, जीजीआइसी घिरोर, मलखान सिंह इंटर कालेज कुरावली, जीआइसी व जीजीआइसी मैनपुरी, एके इंटर कालेज बरनाहल, नरसिंह इंटर कालेज करहल, नेशनल इंटर कालेज भोगांव, कस्तूरबा गांधी इंटर कालेज भोगांव, अमर शहीद इंटर कालेज बेवर, चौधरी सूरज सिंह इंटर कालेज जागीर और नेहरू स्मारक इंटर कालेज समान कटरा को केंद्र बनाया गया है।
