जम्मू और कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। CRPF जवानों को घायल करने के आरोपी आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया गया है। इससे पहले सुरक्षाबलों ने उमर निसार डार को भी ढेर कर दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल ही में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें जवानों ने आतंकवादी से सरेंडर करने को कहा था, लेकिन उसने इनकार कर दिया था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, भट की उम्र 23 साल थी और वह भारत में LeT का आखिरी कमांडर था। हालांकि, इस बारे में पुलिस ने आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है। खबर है कि बुधवार सुबह उसे जंगलगाम गांव में घेर लिया गया था, जिसके बाद पूरे गांव की घेराबंदी कर दी गई थी। भट साल 2025 से ही गायब था और उसके परिवार ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह कुलगाम के ख्रेबान गांव का रहने वाला था।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह घाटी की मस्जिदों से सुबह की नमाज के लिए अजान होने से कुछ ही देर पहले मुठभेड़ शुरू हुई। घेराबंदी में फंसने के बाद सुरक्षाबलों ने भट को आत्मसमर्पण करने का मौका दिया। सुरक्षाबलों द्वारा उसे आत्मसमर्पण के लिए कहने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, लेकिन उसने इनकार कर दिया था।
