विदेश यात्रा को लेकर आम धारणा है कि इसके लिए लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं, लेकिन ऐसा हमेशा सच नहीं होता। दुनिया में कई देश ऐसे हैं जहां सीमित बजट में आधुनिक शहरों की चमक-दमक, गगनचुंबी इमारतें, सस्ती शॉपिंग और मशहूर थीम पार्कों का आनंद लिया जा सकता है। कम खर्च में यादगार विदेश यात्रा का सपना देखने वालों के लिए ये देश बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं।

भारतीय पर्यटकों के बीच थाईलैंड सबसे लोकप्रिय बजट डेस्टिनेशन में से एक है। राजधानी बैंकॉक अपनी ऊंची इमारतों, व्यस्त बाजारों और आधुनिक लाइफस्टाइल के लिए जानी जाती है। यहां एमबीके सेंटर और चैटुचक मार्केट में सस्ती शॉपिंग की जा सकती है, जबकि पटाया और फुकेट अपने समुद्र तटों, वाटर स्पोर्ट्स और मनोरंजन के लिए प्रसिद्ध हैं। आधुनिक शहरों और शानदार वास्तुकला के शौकीनों के लिए मलेशिया अच्छा विकल्प है, जहां कुआलालंपुर स्थित पेट्रोनास ट्विन टावर्स दुनिया की सबसे आकर्षक इमारतों में गिने जाते हैं। यहां बड़े मॉल, स्थानीय बाजार और मनोरंजन के कई विकल्प उपलब्ध हैं।

सिंगापुर एशिया के सबसे विकसित देशों में गिना जाता है और अपनी स्वच्छता, आधुनिक इमारतों और पर्यटन स्थलों के लिए मशहूर है। मरीना बे सैंड्स, गार्डन्स बाय द बे और सेंटोसा द्वीप यहां के प्रमुख आकर्षण हैं। शॉपिंग और मनोरंजन के शौकीनों के लिए हांगकांग खास है, जहां हांगकांग डिज्नीलैंड बच्चों और बड़ों दोनों को आकर्षित करता है। यहां इलेक्ट्रॉनिक सामान, फैशन प्रॉडक्ट्स और सोविनियर उचित कीमतों पर खरीदे जा सकते हैं। यूएई का दुबई आधुनिकता और विलासिता का प्रतीक माना जाता है, जहां दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा पर्यटकों को आकर्षित करती है। दुबई मॉल, गोल्ड सूक और विभिन्न शॉपिंग फेस्टिवल खरीदारी के शौकीनों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं।

कम बजट में विदेश यात्रा के लिए कुछ सुझाव भी उपयोगी हो सकते हैं। हवाई टिकट दो से तीन महीने पहले बुक करें और ऑफ-सीजन में यात्रा करें। स्थानीय परिवहन का इस्तेमाल करें और महंगे होटलों की बजाय बजट होटल या हॉस्टल चुनें। ऑनलाइन ट्रैवल ऑफर्स और डिस्काउंट पैकेज का लाभ उठाया जा सकता है।