समस्तीपुर के पटेल मैदान में रविवार को अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें मगध प्रमंडल ने पटना को पांच विकेट से हराकर खिताब जीता। राज्य खेल प्राधिकरण के बैनर तले जिला खेल विभाग की ओर से आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पटना की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 137 रन बनाए। पटना की ओर से यशराज ने 76 रन की पारी खेली, जबकि कुमार रोचक ने 26, अभिनव प्रकाश ने 16 और आयुष ने 14 रन का योगदान दिया। इस तरह मगध के सामने जीत के लिए 138 रन का लक्ष्य था।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मगध की टीम ने पूरे 20 ओवर में पांच विकेट पर 140 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। मगध की जीत के नायक हिमांशु यादव रहे, जिन्होंने 30 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए। आर्यन ने 22, अंकुश ने 15 और गौरव ने 13 रन का योगदान दिया। पटना की ओर से अवनीश, पार्थ, विराट यादव और मयंक ने एक-एक विकेट हासिल किया। अंतिम गेंद पर हिमांशु के चौके ने मगध की जीत पक्की कर दी। फाइनल में मुजफ्फरपुर के सन्नी वर्मा और खगड़िया के मनोहर ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
पुरस्कार वितरण समारोह में मगध के हिमांशु यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पटना के अवनीश सिंह को मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बॉलर का खिताब मिला, जबकि पटना के यशराज को बेस्ट बैट्समैन के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
