सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद UPSC की तैयारी शुरू करने वाली मेधा आनंद की यात्रा आसान नहीं रही। एक वीडियो में अपनी जर्नी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पहले ही प्रयास में असफलता उनके लिए बड़ा झटका थी, लेकिन उन्होंने खुद को कोसने के बजाय परीक्षा को समझने पर ध्यान दिया।
दूसरे प्रयास में उनका चयन रेलवे ट्रैफिक सर्विस में हुआ, लेकिन उनका लक्ष्य IAS अफसर बनना था। रैंक सुधारने की कोशिश में वे अगले प्रयासों में इंटरव्यू स्टेज तक पहुंचीं, पर फाइनल रिजल्ट में नाम नहीं आया। चौथे प्रयास में हार के बाद वे निराश होकर शटडाउन मोड में चली गईं, तब उनके पिता और कुछ दोस्तों ने उनका हौसला बढ़ाया।
पांचवें प्रयास में मेधा ने नौकरी के साथ तैयारी जारी रखी और हार के डर को खुद पर हावी नहीं होने दिया। ट्रेनिंग के साथ मेन्स की टेस्ट सीरीज पर ध्यान देकर उन्होंने 13वीं रैंक हासिल की और IAS अफसर बनने का अपना सपना पूरा किया।
अपने अनुभव के आधार पर मेधा कहती हैं कि सफल होने पर हजारों लोग सफलता साझा करने आ जाते हैं, लेकिन असफलता के समय कुछ गिने-चुने लोग ही साथ रहते हैं। वे एस्पिरेंट्स को संघर्ष के दौरान धैर्य बनाए रखने और अपनों का साथ थामे रखने की सीख देती हैं।
