पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को मंगलवार सुबह अनंतनाग जिले में शेषनाग झील जाते समय पुलिस ने रोक दिया। वे पार्टी विधायकों के साथ अमरनाथ रूट पर चंदनवाड़ी से शेषनाग तक पैदल जा रही थीं। दरअसल, एक वीडियो सामने आया है जिसमें शेषनाग झील के पास भारी मशीनों से खुदाई होती दिख रही है। यह खुदाई सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अमरनाथ यात्रा कॉरिडोर विस्तार से जुड़ी बताई जा रही है, लेकिन संवेदनशीलता को देखते हुए इसका विरोध हो रहा है। महबूबा वीडियो में दिख रही मशीनों और खुदाई की जानकारी लेने के लिए वहां जा रही थीं।
महबूबा ने सरकार पर आरोप लगाया कि शेषनाग में बड़ी मशीनें और बुलडोजर ले जाए गए हैं और वहां खुदाई की जा रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जंगल, पहाड़ और ग्लेशियर अमरनाथ में बनने वाले शिवलिंग में बड़ी भूमिका निभाते हैं, और पर्यावरण को इस तरह नुकसान पहुंचाने पर सवाल उठे हैं। उन्होंने शेषनाग को हिंदू परंपरा में पूजनीय और कश्मीरियत का प्रतीक बताया। उन्होंने यह भी कहा कि डेवलपमेंट के नाम पर लैंडस्केप बदला जा रहा है।
पीडीपी अध्यक्ष ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से दखल देने की अपील की और कहा कि कश्मीर के नाजुक हिमालयी पर्यावरण से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमालयी पहाड़ों, जंगलों और ग्लेशियरों के रूप में जम्मू-कश्मीर के पास पर्यावरण के अलावा कुछ और नहीं है।
बीआरओ ने 23 नवंबर को जारी एक बयान में कहा था कि यात्रा के बाद ट्रैक चौड़ा करने का काम तय सुरक्षा और पर्यावरण नियमों के तहत हो रहा है और काम मौजूदा ट्रैक तक ही सीमित है। बयान के मुताबिक भीड़ में भगदड़ न हो, इसलिए ट्रैक चौड़ा करना जरूरी है, कमजोर हिस्सों को स्थिर किया जा रहा है और कम से कम छेड़छाड़ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई थी और इसके पांच दिन बाद ही शिवलिंग पूरी तरह पिघल गया था।
