एमआईटी मुजफ्फरपुर में वर्षों बाद पूर्ववर्ती छात्रों का मिलन हुआ। 'कनेक्शन 2026' एलुमनी मीट में 1966, 1976 और 2001 बैच के छात्रों ने हिस्सा लिया और कॉलेज के पुराने किस्सों के बीच अपनी यादें ताजा कीं। बरसों बाद मिले कई सहपाठी एक-दूसरे का बदला हुलिया और सफेद बाल देखकर पहले तो कुछ पल ठिठके, लेकिन पुरानी आवाजें और निकनेम सुनते ही उनके चेहरों पर मुस्कान खिल गई। पहचान होते ही लोग गले मिले और कैंपस में दशकों पुराने बेफिक्र ठहाके गूंजने लगे।
दोस्तों की टोली के साथ शहर के सिनेमाघरों में फर्स्ट शो देखने, परीक्षा से एक रात पहले ग्रुप स्टडी और कैंटीन की उधारी जैसे किस्सों पर खूब ठहाके लगे। एमआईटी एलुमनी एसोसिएशन मीटा की ओर से कनेक्शन 2026 के तहत डायमंड, गोल्डन और सिल्वर जुबली उत्सव मनाया गया।
समारोह में सिविल ब्रांच के 1961 बैच के पूर्ववर्ती छात्र रामाशीष पांडेय और अरिमर्दन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्राचार्य प्रो. एमके झा ने कॉलेज की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए पूर्ववर्ती छात्रों के योगदान की सराहना की।
कार्यकारी निदेशक जेके दास को एलुमनस ऑफ द ईयर 2026 से सम्मानित किया गया। मीटा की ओर से समारोह में 18 पुरस्कार बांटे गए।
