माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने सत्र 2026-27 से कक्षा 9वीं से 12वीं तक की वार्षिक परीक्षा का पैटर्न बदल दिया है, लेकिन प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अर्धवार्षिक परीक्षाएं अभी भी पुराने पैटर्न पर ही ली जा रही हैं। 18 नवंबर को 11वीं-12वीं की परीक्षा में पुराने पैटर्न के प्रश्न पूछे गए थे। इसके बाद सोमवार को नौवीं का अंग्रेजी, दसवीं का गणित, 11वीं का रसायनशास्त्र, इतिहास, लेखाशास्त्र और 12वीं का अंग्रेजी का पेपर भी पुराने पैटर्न पर पूछा गया। इससे विद्यार्थी वार्षिक परीक्षा के लिए नए पैटर्न की तैयारी करने के बजाय पुराने पैटर्न पर परीक्षा दे रहे हैं।
इस बार अर्धवार्षिक परीक्षा के प्रश्न-पत्र राज्य ओपन बोर्ड ने तैयार किए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीएआई) ने ये प्रश्न-पत्र बोर्ड को उपलब्ध कराए हैं। परीक्षा में करीब 30 लाख विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं और प्रत्येक विद्यार्थी से प्रश्न-पत्र के लिए 65 रुपये शुल्क लिया गया है। डीपीएआई ने 24 सितंबर को जारी अलर्ट में स्पष्ट किया था कि अर्धवार्षिक परीक्षा के प्रश्न-पत्र माशिमं की अंक योजना और शैक्षणिक कैलेंडर के आधार पर तैयार किए जाएंगे, लेकिन प्रश्न-पत्रों में माशिमं का नया पैटर्न लागू नहीं किया गया।
माशिमं की 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होंगी, जिनमें 18 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। नए पैटर्न के तहत मुख्य विषयों के प्रश्न-पत्रों में दो अंक वाले अतिलघुउत्तरीय प्रश्नों में आंतरिक विकल्प समाप्त कर दिया गया है। पहले करीब 12 प्रश्नों में विद्यार्थियों को आंतरिक विकल्प मिलता था, अब दो अंक के प्रश्नों में यह सुविधा नहीं होगी। तीन अंक के लघुउत्तरीय और चार अंक के दीर्घउत्तरीय प्रश्नों में आंतरिक विकल्प पहले की तरह रहेगा, जबकि एनएसक्यूएफ विषयों में पांच और सात अंक वाले प्रश्नों में आंतरिक विकल्प की सुविधा शुरू की गई है।
ये बदलाव सत्र 2026-27 की वार्षिक परीक्षाओं से लागू होंगे। ऐसे में अर्धवार्षिक परीक्षा में भी विद्यार्थियों को नए पैटर्न की प्रैक्टिस कराई जानी थी, लेकिन विभाग की देरी के कारण ऐसा नहीं हो सका। डीपीएआई के संयुक्त संचालक एचएन नेमा के अनुसार, मंडल का आदेश बाद में आया, जबकि प्रश्नपत्र पहले तैयार हो गए थे। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को अधिक से अधिक प्रश्नों की प्रैक्टिस हो जाएगी और आगे की परीक्षाओं में नए पैटर्न के आधार पर प्रश्न होंगे।
