महाराष्ट्र में एफडीए कमिश्नर के तौर पर सख्त कार्रवाई के चलते चर्चा में आए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे ने मुख्यमंत्री बनने की इच्छा से जुड़े सवाल का जवाब दिया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक 22 नवंबर को पुणे के फर्ग्यूसन कॉलेज में आयोजित 'यूथ फेस्टिवल' कार्यक्रम में पहुंचे मुंढे से मुख्यमंत्री पद को लेकर सवाल पूछा गया। उन्होंने कहा कि ये चीजें विश लिस्ट का हिस्सा होती हैं, लेकिन उनकी कोई विश लिस्ट नहीं है।
मुंढे ने बताया कि 10 साल पहले सोलापुर के कलेक्टर रहते हुए अगर किसी ने पूछा होता कि वे कभी एफडीए कमिश्नर बनेंगे, तो उनका जवाब होता कि उन्हें नहीं पता। उन्होंने कहा कि वे किसी विश लिस्ट के हिसाब से नहीं जीते, बल्कि वर्तमान में जीना पसंद करते हैं। फिलहाल वे एक लोक सेवक हैं और इसी पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। भविष्य में क्या होगा, यह समय तय करेगा।
इससे पहले एक इंटरव्यू में मुंढे ने कहा था कि अगर उनके बच्चे पूछें कि क्या उन्हें आईएएस बनना चाहिए, तो उनका सीधा जवाब होगा- बिल्कुल नहीं। वे चाहते हैं कि उनके बच्चे नेता या उद्यमी बनें ताकि बिना किसी सिस्टम के दबाव के समाज के विकास में योगदान दे सकें। उनके मुताबिक आज की युवा पीढ़ी के पास असीमित ऊर्जा और ज्ञान है, जिसे ऐसे करियर में नहीं बांधना चाहिए जो आजादी को सीमित कर दे।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाने वाले मुंढे का 21 साल की नौकरी में 25 बार ट्रांसफर हो चुका है। उन्होंने एक बार कहा था कि जनसेवा का यह कठिन रास्ता उन्होंने खुद चुना था, लेकिन इस दौरान उनके परिवार ने भी काफी कुर्बियां दी हैं, इसीलिए वे अपने बच्चों के लिए यह रास्ता नहीं चाहते। लोकप्रियता पर उन्होंने कहा था कि लोकप्रियता हासिल करना उनका उद्देश्य कभी नहीं था और इससे काम से ध्यान नहीं भटकता।
