महाराष्ट्र के पुणे जिले के हिंजवड़ी इलाके से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है। दोनों पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और शादी की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस उपायुक्त प्रदीप जाधव ने बताया कि मृत महिला की पहचान विदर्भ के वर्धा जिले की रहने वाली कोमल डहाले के रूप में हुई है, जबकि आरोपी शुभम कालबांडे बुलढाणा जिले का निवासी है। दोनों हिंजवड़ी स्थित दो बड़ी आईटी कंपनियों में काम करते थे और पिछले साढ़े तीन साल से रिश्ते में थे। पिछले दो-तीन महीनों से उनके बीच कुछ मुद्दों को लेकर अक्सर झगड़े हो रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कोमल को शक था कि शुभम उसे धोखा दे रहा है।
जाधव के अनुसार, रविवार रात दोनों एक होटल में खाना खाने गए और बाद में सखारे बस्ती स्थित प्रिस्टीन पीजी में डहाले के कमरे पर लौट आए, जहां वह रहती थीं। रात करीब 12.30 बजे दोनों के बीच झगड़ा शुरू हुआ, जो तड़के करीब तीन बजे हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में कालबांडे ने डहाले पर कई बार मुक्कों से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 6.30 बजे आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर एंबुलेंस भेजने का अनुरोध किया। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पूछताछ की, जिसके दौरान पता चला कि कालबांडे ने अपनी प्रेमिका पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
