मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने बुलडोजर से गिरा दिया। BMC के अनुसार पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित मुसफिखाना बिल्डिंग जर्जर हो चुकी थी और उसे C-1 श्रेणी में रखा गया था। दीवारों और छत के गिरने का खतरा होने के कारण यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई गुरुवार सुबह शुरू की गई। स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

BMC ने साफ किया है कि इस बिल्डिंग में मस्जिद भी है और यह इमारत दाऊद इब्राहिम का पुश्तैनी घर है। निगम के मुताबिक इमारत का जो जर्जर हिस्सा गिराया जा रहा है, वह मस्जिद का हिस्सा है, लेकिन पूरी मस्जिद को नहीं गिराया जाएगा।

दाऊद इब्राहिम और उसका गिरोह 1993 के मुंबई बम धमाकों से जुड़े मामले में भारत में वांटेड है। धमाकों के बाद से वह देश छोड़कर भाग गया था और रिपोर्ट्स के अनुसार वह पाकिस्तान में है।

NIA सूत्रों के मुताबिक दाऊद इब्राहिम कट्टर इस्लामिक विचारधारा फैलाने वालों की फंडिंग कर रहा है। उसने जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) को बड़ा डोनेशन दिया था। इसकी पुष्टि नाइक के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर आमिर गजदर ने भी की थी। आमिर ने बताया था कि दाऊद ने एक मीडिएटर सुल्तान अहमद के जरिए यह डोनेशन दिया था। प्रवर्तन निदेशालय (ED) को शक है कि गजदर ने नाइक के NGO के लिए 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का डोनेशन जमा किया है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक दाऊद का भाई इकबाल कासकर भारत में उसका सारा काम देख रहा है। वह दाऊद के राइट हैंड छोटा शकील के संपर्क में था। इकबाल ठाणे के बिल्डर सुरेश देवीचंद मेहता की शिकायत के बाद जेल में है। उसके साथ उसके दो गुर्गों मुमताज शेख और इसरार अली को भी पहले ठाणे पुलिस और फिर ED ने अरेस्ट किया है।