पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट के एनकाउंटर वाले दिन कश्मीर को लेकर बयान दिया है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर उनके भाषण का वीडियो पोस्ट करते हुए उनके हवाले से कहा कि वह कश्मीरियों को नैतिक और राजनयिक समर्थन तब तक देते रहेंगे, जब तक संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुसार उन्हें आत्मनिर्णय का अधिकार नहीं मिल जाता। शरीफ ने कश्मीर के शहीदों और जेलों में कठिनाइयां झेल रहे कश्मीरी नेताओं को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

भारत का स्पष्ट रुख है कि कश्मीर पर सिर्फ और सिर्फ भारत का अधिकार है। जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा पहले भी रहा है, आज भी है और आगे भी रहेगा।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार तड़के हुई मुठभेड़ में लतीफ भट मारा गया। पुलिस के अनुसार, लश्कर-ए-तैयबा का कुख्यात स्थानीय कमांडर लतीफ भट सीआरपीएफ जवानों पर हमले का मास्टरमाइंड था और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह जवानों पर हमले, पुलिसकर्मी और प्रवासी मजदूरों की हत्या समेत कई आतंकी वारदातों में शामिल था।

कुलगाम के जंगलपोरा गांव में आतंकवादी के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। खुफिया जानकारी के अनुसार, लतीफ भट एक स्थानीय मस्जिद में छिपा हुआ था। एसएसपी अनायत अली चौधरी ने बताया कि उन्होंने और सेना की 9-राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग अधिकारी ने लतीफ को समझाया कि वह आत्मसमर्पण कर सामान्य जीवन में लौट सकता है, लेकिन उसने बात मानने से इनकार कर दिया। वह मस्जिद के भीतर चला गया और सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में वह मारा गया।