गेमिंग कंपनी रॉकस्टार ने करीब 13 साल के लंबे इंतजार के बाद 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो VI' यानी 'GTA VI' लॉन्च कर दिया है। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस गेम से जुड़ा एक पोस्ट कर सबको चौंका दिया। अपने पोस्ट में पीएम मोदी ने GTA V से GTA VI तक के बीच भारत में हुई तरक्की की झलकियां दिखाईं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "भारत एक नया ही गेम खेल रहा है।"
पोस्ट के साथ पीएम मोदी ने दस स्लाइड्स साझा कीं। इनके जरिए उन्होंने बताया कि बीते 13 सालों में भारत ने गरीबी और नक्सलवाद जैसी समस्याओं से निपटने में कामयाबी पाई। एक तस्वीर में बताया गया कि भारत कैसे दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गया है। इनके अलावा स्वच्छता मिशन पूरा होने, सौर ऊर्जा क्षमता में विस्तार, स्पेस सेक्टर में स्टार्टअप बूम और डिफेंस एक्सपोर्ट में बढ़ोतरी का भी जिक्र किया गया। पोस्ट में बताया गया कि 13 साल पहले देश के 182 जिले नक्सल प्रभावित थे, जबकि अब यह आंकड़ा शून्य तक पहुंचा दिया गया है।
बुधवार को दुनिया भर के गेमर्स को बहुप्रतीक्षित GTA VI की पहली झलक मिली। यह गेम अपने ग्राफिक्स के लिए मशहूर है और खिलाड़ियों को एक काल्पनिक अमेरिकी शहर में गैंगस्टर जैसी जिंदगी जीने का मौका देता है। रिलीज के बाद गेम को लेकर खिलाड़ियों और समीक्षकों में जबरदस्त उत्साह है। रिव्यू एग्रीगेटर 'मेटाक्रिटिक' ने गेम को 100 में से 99 अंक दिए हैं। एनालिटिक्स फर्म ओम्डिया का अनुमान है कि GTA VI साल के अंत तक रॉकस्टार गेम्स और उसकी मूल कंपनी टेक-टू इंटरएक्टिव के लिए 3.2 बिलियन डॉलर की बिक्री कर सकता है।
रॉकस्टार को इस गेम को लाने में आठ साल से अधिक समय लग गया। 2022 में हुए एक हैक और पिछले साल हुए लीक के कारण स्टूडियो को दो बार इसका लॉन्च टालना पड़ा। इस सीरीज पर लंबे समय से हिंसा और अपराध का महिमंडन करने के आरोप भी लगते रहे हैं।
