प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर लोकप्रिय वीडियो गेम GTA का इस्तेमाल करते हुए भारत की तरक्की को दिखाया है। इस पोस्ट पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने तंज कसा है। रमेश ने एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि युवाओं तक पहुंचने की बेताब कोशिश में पीएम ने सोशल मीडिया पर GTA 5 और GTA 6 गेम की तस्वीरों का सहारा लिया है। उन्होंने कहा कि इस वीडियो गेम में दो अपराधियों की कहानी दिखाई गई है और यह कितना उपयुक्त है।

बता दें कि प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल और इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें GTA 5 और GTA 6 के बीच के 13 वर्षों में देश में हुए बदलावों को दिखाया गया है। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, 'भारत अब एक बिल्कुल नया गेम खेल रहा है।' पोस्ट में देश की अर्थव्यवस्था से लेकर गरीबी में कमी, सोलर पावर, इंटरनेट और अंतरिक्ष क्षेत्र तक की उपलब्धियों का जिक्र है। इसमें कांग्रेस के नेतृत्व वाली पिछली यूपीए सरकार पर भी अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा गया है।

पोस्ट में बताया गया है कि पहले दुनिया की 'फ्रेजाइल फाइव' अर्थव्यवस्थाओं में भारत शामिल था, लेकिन अब वह दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बन चुका है। अगस्त 2013 में मॉर्गन स्टेनली के एक विश्लेषक ने 'फ्रेजाइल फाइव' शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसमें भारत, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, इंडोनेशिया और तुर्किये शामिल थे। इन देशों की अर्थव्यवस्थाओं को विदेशी पूंजी पर अधिक निर्भर और वैश्विक आर्थिक बदलावों के प्रति संवेदनशील माना गया था। भारत अब इस समूह में नहीं है।

पोस्ट में गरीबी में कमी और स्वच्छता मिशन के पूरा होने का जिक्र भी शामिल है। सोलर पावर क्षमता में हुई बड़ी बढ़ोतरी को भी उपलब्धि के तौर पर दिखाया गया है। पोस्ट के मुताबिक, भारत में अब 440 रजिस्टर्ड स्पेस टेक्नोलॉजी स्टार्टअप हैं। गेमिंग कम्युनिटी से जुड़ने के लिए इंटरनेट की कीमतों का उदाहरण भी दिया गया है, जहां हाई-स्पीड इंटरनेट की कीमत 2013 में 308 रुपये प्रति जीबी थी, वहीं अब यह घटकर 7.51 रुपये प्रति जीबी रह गई है। इसके अलावा नक्सलवाद के खत्म होने और भारत के बड़े रक्षा निर्यातक के रूप में उभरने को भी उपलब्धियों की सूची में शामिल किया गया है।