दिल्ली की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने शनिवार को NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए। इनमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता के सामने पेश किया गया, जहां उन्होंने खुद को निर्दोष बताया और मुकदमे का सामना करने की बात कही। कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार समेत कई आरोप तय किए हैं। मामले की रोजाना सुनवाई 25 नवंबर से होगी।

अदालत ने 18 नवंबर को 206 पन्नों के आदेश में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने कहा था कि पहली नजर में आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार समेत कई अपराधों के पर्याप्त सबूत हैं। अदालत के मुताबिक, आरोपियों ने NTA की गोपनीय परीक्षा सामग्री अवैध तरीके से हासिल की, उसे एक-दूसरे तक पहुंचाया और उसका इस्तेमाल किया। कोर्ट ने इसे संगठित साजिश का हिस्सा बताया।

कोर्ट के मुताबिक, मनीषा गुरुनाथ मंधारे, पीवी कुलकर्णी और मनीषा संजय हवालदार NTA के लिए काम कर रहे थे, इसलिए उन्हें लोक सेवक माना गया है। आरोप है कि तीनों ने दूसरे आरोपियों के साथ मिलकर परीक्षा के गोपनीय सवाल अवैध तरीके से हासिल किए। मंधारे बायोलॉजी, पीवी कुलकर्णी केमिस्ट्री और हवालदार फिजिक्स की एक्सपर्ट थीं। कोर्ट ने कहा कि तीनों पर परीक्षा सामग्री की गोपनीयता बनाए रखने की जिम्मेदारी थी और उन्हें पता था कि गोपनीय जानकारी साझा करने से योग्य उम्मीदवारों को नुकसान हो सकता है।

अदालत के मुताबिक, तीनों एक्सपर्ट से गोपनीय सामग्री धनंजय लोखंडे, शुभम खैरनार, यश यादव, मंगलिलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल और शेषराव बजरंग सूर्यवंशी तक पहुंची। कोर्ट ने कहा कि आरोपियों को पता था कि यह सामग्री NTA से जुड़े किसी व्यक्ति के जरिए अवैध रूप से हासिल की गई थी। कोर्ट ने यह भी कहा कि जिन गोपनीय सवालों को हासिल किया गया, वे NTA की कॉपीराइट सामग्री थे, इसलिए आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के एक प्रावधान के तहत भी आरोप तय किए गए। CBI ने पहले 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी, जिसके बाद 14वें आरोपी शेषराव सूर्यवंशी उर्फ राज सूर्यवंशी के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की गई थी। महाराष्ट्र के नांदेड़ निवासी शेषराव को 2 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। NEET-UG 2026 की परीक्षा 3 मई को हुई थी, जिसमें करीब 22 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी और 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी।