मध्य प्रदेश के गुना जिले में ऐतिहासिक बजरंगगढ़ किले से लगी पहाड़ियों में खनन और ब्लास्टिंग से धरोहर और आसपास के रहवासी इलाकों को नुकसान पहुंचने के मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने संज्ञान लिया है। एनजीटी की भोपाल स्थित सेंट्रल जोन बेंच ने गुना कलेक्टर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव, वन मंडल अधिकारी, जिला खनिज अधिकारी और नगर पालिका के अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। अब इन पांच विभागों को नोटिस का जवाब देना होगा।
बेंच के आदेश के अनुसार, किले से लगी पहाड़ियों और आरोन-सिरोंज स्टेट हाईवे के आसपास पिछले 10 वर्षों में नौ खनन पट्टे आवंटित किए गए। कई स्थानों पर मंजूर क्षेत्र से कई गुना अधिक हिस्से में खोदाई की गई। पहाड़ियों पर क्रशर मशीनों से लगातार पत्थर तोड़े जा रहे हैं और चट्टानों को तोड़ने के लिए नियमित ब्लास्टिंग की जा रही है।
एनजीटी के आदेश में कहा गया है कि खनन के दौरान विस्फोटों से आसपास के मकानों में कंपन, दीवारों में दरारें और पत्थर खिसकने की शिकायतें मिली हैं। इससे किले की दीवारों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। गुना जिले में स्थित यह किला 16वीं-17वीं सदी का बताया जाता है।
मामले में जवाब दाखिल करने की तारीख 5 दिसंबर तय की गई है, जबकि सुनवाई 23 दिसंबर को होगी।
