नोएडा के सेक्टर-136 स्थित एक फर्जी कॉल सेंटर में 164 विदेशी नागरिकों को बंधक बनाकर जबरन साइबर ठगी कराने का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के बाद सेक्टर-126 थाना पुलिस ने उस पीजी मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है, जहां इन विदेशी नागरिकों को रखा जाता था। जांच में पीजी मालिक की सिंडिकेट में संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, इन विदेशी नागरिकों को एक तय स्क्रिप्ट दी जाती थी, जिसके जरिए वे अपने ही देश के लोगों से ठगी करते थे। जुलाई में सेक्टर-126 का पीजी किराए पर लिया गया था, जहां चार महीने से इन्हें रखा जा रहा था। रोजाना रात में कैब के जरिए इन्हें सेक्टर-136 और सेक्टर-143 से कॉल सेंटर तक लाया जाता था। जांच में सामने आया कि विदेशी नागरिकों पर कड़ी निगरानी रखी जाती थी और उन्हें बाहरी लोगों से बातचीत या मोबाइल इस्तेमाल की अनुमति नहीं थी।

कार्रवाई के दौरान 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, दर्जनों सिम कार्ड और 150 से अधिक पासपोर्ट बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ पुरुषों को महिलाओं की तरह बात करने की ट्रेनिंग दी गई थी, ताकि फोन पर लोगों का भरोसा जीतकर ठगी की जा सके। इस नेटवर्क में महिलाओं सहित 19 से 25 साल के युवा शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, नेटवर्क में शामिल दो भारतीय नागरिक विदेश भाग गए हैं, जबकि सुनील कुमार और सुशील कुमार नाम के दो हैंडलर के बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनका इस्तेमाल किराए और ऑपरेशन के खर्च के भुगतान में किया जाता था।

इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक मलेशियाई नागरिक ने ईमेल के जरिए दिल्ली पुलिस को अपने साथ हो रहे शोषण और जबरन साइबर फ्रॉड की जानकारी दी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की और मानव तस्करी तथा साइबर फ्रॉड के इस बड़े नेटवर्क का पता चला। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट के अधिकारियों से संपर्क किया और करीब दो दिन तक चली कार्रवाई में 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया, जिन्हें क्राइम ब्रांच अपने साथ दिल्ली ले गई। जांच में यह भी सामने आया कि नेटवर्क से जुड़े लोग मलेशिया, इंडोनेशिया और कंबोडिया के युवाओं को बिजनेस वीजा पर भारत बुलाते थे और उन्हें अच्छी सैलरी का लालच दिया जाता था। नोएडा पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और जिस बिल्डिंग में विदेशी नागरिकों को रखा गया था, उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की बात कही जा रही है।