नोएडा में छिजारसी गोल-चक्कर से बहलोलपुर फ्लाईओवर तक दीवाली से पहले बनी मुख्य सड़क बारिश से खराब होने के बाद अब दोबारा बनाई जा रही है। नोएडा प्राधिकरण ने इसके लिए पांच करोड़ रुपये का नया टेंडर जारी किया है। सड़क एफएनजी मार्ग पर बनाई जा रही है।

दीवाली से पहले सड़क बनने के दूसरे दिन ही वर्षा हो गई थी, जिसकी वजह से सड़क उखड़ गई। इसके बाद ग्रेप की पाबंदियों के चलते निर्माण का काम रुका रहा। पाबंदियां हटने के बाद अब सड़क को दोबारा बनाया जा रहा है।

पांच करोड़ रुपये के टेंडर में दोनों ओर की मुख्य सड़क, सर्विस लेन और छिजारसी गोल-चक्कर पर मेस्टिंग का काम शामिल है। बहलोलपुर फ्लाईओवर से परथला तक सड़क का निर्माण कार्य जून 2023 में हो चुका था। एफएनजी रोड पर छिजारसी से बहलोलपुर फ्लाईओवर तक जाने वाली दोनों ओर की 14-14 मीटर की सड़क और सात-सात मीटर की सर्विस लेन के निर्माण के लिए यह दूसरा टेंडर है। इससे पहले 2020 में इसी सड़क के निर्माण के लिए 3.5 करोड़ रुपये का टेंडर हुआ था।

हाल में हुए टेंडर के बाद सड़क के एक हिस्से में कार्य होने के बाद वर्षा ने स्थिति बिगाड़ दी। अब यहां एक और लेयर बिछाने का कार्य चल रहा है, जबकि दूसरी ओर की सड़क का निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है। मौके पर मौजूद अवर अभियंता भूषण कुमार जैन ने बताया कि सड़क बनने के बाद पांच वर्ष तक इसका अनुरक्षण कार्य करना होता है। पांच वर्ष से अधिक पुरानी सड़क के हिस्से के निर्माण का टेंडर हुआ है।