सिंधु जल संधि निलंबित किए जाने के बाद भारत को हाथ काटने की धमकी देने वाले पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक भारत आ गए हैं। वह दिल्ली में होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में हिस्सा लेंगे। उनके इस दौरे पर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विदेश नीति के मामले में बहुत समझौता कर रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार को पता ही नहीं है कि क्या करना है और क्या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में काम कर रहे हैं। बता दें कि राहुल गांधी के बयान के बाद भारत-पाकिस्तान की बहस पहले ही जोर पकड़ चुकी है।
मुसादिक मलिक की छवि बड़बोले मंत्री के तौर पर बन गई है। भारत द्वारा सिंधु जल संधि सस्पेंड किए जाने पर उन्होंने कहा था कि संधि रोकने के बदले वह भारत का हाथ काट देंगे। पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी सिंधु जल संधि को लेकर गिड़गिड़ाता रहा है, लेकिन भारत उसकी एक भी सुनने को तैयार नहीं है। एससीओ में चीन, रूस, किर्गिस्तान, कजाकिस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, पाकिस्तान और बेलारूस शामिल हैं।
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान बेहद पस्त हो गया था। सिंधु जल संधि सस्पेंड होने के बाद से पाकिस्तान की ओर से कोई भी भारत नहीं आया था। इससे पहले 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो भारत आए थे, जब गोवा में एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक हुई थी। पहलगाम और पुलवामा के बाद दोनों देशों के संबंध काफी तनावपूर्ण हो गए हैं।
