पन्ना जिले में एक वयस्क बाघिन का शव मिला है, जिसके गले में क्लच वायर का फंदा कसा हुआ था। इससे शिकार की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आसपास के जंगल में शिकारियों की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया है।

जानकारी के मुताबिक, उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज के मनकी बीट स्थित वन कक्ष क्रमांक पी-390 में बाघिन का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। बाघिन का शव मनकी गांव के पास ऐसे जंगल में मिला है, जो पन्ना टाइगर रिजर्व की कोर रेंज से सटा हुआ है। गले में फंदे से बने घावों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि वह कई दिन पहले तार में फंस गई होगी और घायल अवस्था में फंदे से निकलने या उसे खींचते हुए जंगल में भटकने के बाद उसकी मौत हुई होगी।

प्रारंभिक आशंका है कि वन्यजीवों को फंसाने के लिए लगाए गए फंदे में उलझने के कारण दम घुटने से बाघिन की मौत हुई। बाघिन की मौत की सूचना मिलते ही उप वनमंडलाधिकारी कृष्णा मरावी, पन्ना रेंजर अजय वाजपेई सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौत के कारणों और फंदा लगाने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है।

वन अमले ने डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया है। वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि क्लच वायर का फंदा किसने लगाया और क्या क्षेत्र में अन्य वन्यजीवों के शिकार के लिए भी ऐसे फंदे बिछाए गए हैं। इस घटना ने जंगल में अवैध शिकार और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।