प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शनिवार को हुई बिहार यात्रा ने एनडीए घटक दलों, खासकर भाजपा और जदयू के बीच तल्खी की चर्चाओं को विराम देने का प्रयास किया। वैशाली जिले के जाफरपट्टी में आयोजित सभा में प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन और हाव-भाव से यह संदेश देने की कोशिश की कि बिहार में एनडीए पूरी तरह एकजुट है। कार्यक्रम एनडीए सरकार की वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यकाल के सात महीने भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज पर भरोसा जताया और कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास से जुड़ी नीतियों को यह सरकार गंभीरता से आगे बढ़ा रही है।

प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार के एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में बिहार में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते हुए हैं, राज्य में 200 से अधिक डिग्री कॉलेज खोले गए हैं और खेती के लिए 12 घंटे बिजली आपूर्ति की गारंटी दी गई है। उन्होंने निवेश, शिक्षा, ऊर्जा, कृषि और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हो रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।

नीतीश कुमार के प्रति सद्भाव का प्रदर्शन पटना एयरपोर्ट से ही शुरू हो गया था, जहां दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से मुलाकात की और एक-दूसरे को गले लगाया। सभा मंच पर भी प्रधानमंत्री ने जदयू नेताओं के साथ आत्मीयता दिखाई। मंच पर पहुंचते ही स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार उनके पैर छूने के लिए झुके, लेकिन प्रधानमंत्री ने उन्हें गले लगा लिया और पीठ थपथपाई। इस व्यवहार को नई पीढ़ी के नेताओं के प्रति स्नेह के संदेश के रूप में देखा गया। सभा में युवाओं की अच्छी भागीदारी रही और प्रधानमंत्री ने इस पर खुशी जाहिर की।

भाजपा और जदयू के बीच तल्खी की एक वजह नीतीश सेतु की प्रचार सामग्री में नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं होने को भी बताया जा रहा था। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रोटोकॉल के कारण पूर्व मुख्यमंत्री की तस्वीर का उपयोग नहीं किया गया, लेकिन आज पूरा सेतु ही नीतीशमय है। मंच से सभी नेताओं ने नीतीश कुमार के नाम और कार्यों का कई बार उल्लेख किया। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा का पूरा संबोधन नीतीश कुमार की उपलब्धियों पर केंद्रित रहा। मंच पर प्रधानमंत्री के एक ओर सम्राट चौधरी और दूसरी ओर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी नजर आए। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने पुल निर्माण में केंद्र की राशि नहीं लगने संबंधी नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के कटाक्ष का जवाब देते हुए कहा कि यह पुल पूरी तरह नीतीश कुमार की परिकल्पना है और बिहार की उपलब्धि है।