कर्नाटक के हावेरी जिला अस्पताल में कथित तौर पर एक महिला अटेंडेंट के साथ यौन उत्पीड़न की घटना सामने आई है। महिला मरीज के पास फर्श पर सो रही थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति रात करीब 2 बजे वार्ड में घुस आया। आरोपी पर पिछले हफ्ते अस्पताल से कम से कम 10 मोबाइल फोन चुराने का भी शक है।

अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की करतूत कैद हुई है। फुटेज के मुताबिक, आरोपी ने महिला का कंबल खींचा और गलत तरीके से छुआ। महिला तुरंत जाग गई और शोर मचाने लगी। पीड़िता ने आरोपी को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद वहां मौजूद अन्य लोग भी जाग गए और उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की।

जब आरोपी वार्ड से भागने की कोशिश कर रहा था, तो एक व्यक्ति ने उसका कॉलर पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया। हालांकि, आरोपी किसी तरह लोगों को धक्का देकर वहां से भागने में कामयाब रहा।

इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोग जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था, खासकर रात के समय की सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि आरोपी की पहचान की जाए और उसे गिरफ्तार किया जाए।