लखनऊ के मलिहाबाद-मोहान रोड पर पुरवा गांव के पास शनिवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। उन्नाव के हसनगंज क्षेत्र के कुइयां मदारपुर गांव के लोग रहीमाबाद के दौलतपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर मारुति ओमनी वैन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहान की तरफ से आ रही होंडा सिटी कार ने वैन में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को बाहर निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलिहाबाद पहुंचाया, जहां वैन चालक रामजी उर्फ अमित कुमार और आठ वर्षीय प्रिया को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रिया की मां मायादेवी ने ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में सरोज कुमारी, आनंद, आशिक, दयावती, प्राची, छोटू, हर्षचंद और दीपांशी समेत आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है और घायलों का उपचार जारी है।
वैन में सवार आशिक ने आरोप लगाया कि होंडा सिटी में बेहद तेज सफेद लाइट लगी थी, जिसकी रोशनी के कारण सामने का रास्ता ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। उनके मुताबिक कार तेज रफ्तार में आ रही थी और सीधे वैन से टकरा गई। हादसे की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
हादसे के बाद होंडा सिटी का चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान कासगंज निवासी मोहम्मद सुहैल के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी के मुताबिक, तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
