शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपित मॉडल श्रद्धा दुबे के करीबी रहे ऋषभ राय की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अलीगंज पुलिस उसकी संपत्ति कुर्क करने की तैयारी में है। ऋषभ कई मामलों में वांछित है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। गिरफ्तारी न होने पर यह कार्रवाई की जा रही है।
इंस्पेक्टर अलीगंज ध्रुव कुमार के अनुसार, ऋषभ राय वर्ष 2026 में अलीगंज थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। वह मूलरूप से गोरखपुर के बड़हलगंज का रहने वाला है और मड़ियांव के फैजुल्लागंज स्थित जुड़वा मंदिर के पास रहता है। लंबे समय से फरार होने के कारण उसकी संपत्ति कुर्क करने के लिए न्यायालय में रिपोर्ट भेजी गई है। कोर्ट के आदेश और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
ऋषभ का नाम पहले भी कारोबारी शिवा शर्मा से विवाद को लेकर सामने आया था। आठ अगस्त 2026 को विभूतिखंड स्थित समिट बिल्डिंग में शिवा शर्मा और ऋषभ के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोप है कि ऋषभ ने फोन पर भी शिवा को धमकी दी थी, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की थी।
ऋषभ और शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपित श्रद्धा दुबे की नजदीकी भी चर्चा में रही है। दोनों की साथ में तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। आरोप है कि श्रद्धा ऋषभ की मदद से लोगों को धमकाती थी। पुलिस की ताजा कार्रवाई से इस घटनाक्रम में ऋषभ की भूमिका फिर चर्चा में है।
