मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद तिगरी और गढ़ मेलों को जोड़ने वाला पांटून पुल बनकर तैयार हो गया है। शुक्रवार को शुरू हुए इस पुल पर शनिवार को भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। यह पुल श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पुल पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक आवागमन की सुविधा रहेगी, इसके बाद पुल को बंद कर दिया जाएगा।

पुल शुरू होने से श्रद्धालु आसानी से तिगरी और गढ़ मेले में पहुंचकर गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और मेले का आनंद ले पा रहे हैं। गजरौला मेले में लाइटों से जगमगाते झूले और बाजार में भी भीड़ लगी हुई है।

श्रद्धालु मीना देवी, सुनीता, राजबाला, कृष्णा देवी, शकुंतला और राजकुमारी ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि पांटून पुल बनने से उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। अब वे एक ही दिन में दोनों मेलों के दर्शन कर पा रही हैं। उन्होंने कहा कि तिगरी और गढ़ दोनों स्थानों पर उनके रिश्तेदार रहते हैं। पहले एक-दूसरे से मिलने में परेशानी होती थी, लेकिन इस पुल ने आने-जाने का रास्ता आसान कर दिया है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि यह पांटून पुल केवल दो मेलों को ही नहीं जोड़ रहा, बल्कि बिछड़े अपनों को भी मिलाने का माध्यम बन गया है। पुल की सुविधा से मेले की रौनक और श्रद्धालुओं की खुशियां दोनों बढ़ गई हैं।