प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यह बैठक प्रधानमंत्री के वार्षिक भारत-आसियान शिखर सम्मेलन से लौटने के बाद हो रही है। बैठक में शासन, सुधारों और कल्याण एवं विकास योजनाओं का लाभ महिलाओं तथा युवाओं तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि सरकार की फिलहाल 40 से 45 कल्याणकारी योजनाएं हैं और आगामी बैठक में इन पर विचार हो सकता है। प्रधानमंत्री मंत्रियों से सुझाव भी ले सकते हैं।
इस बैठक को मंत्रियों को सरकार के सामने मौजूद मुद्दों को बेहतर ढंग से समझाने की जारी कवायद का हिस्सा बताया जा रहा है। मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक सितंबर में हुई थी, जिसे 'चिंतन शिविर' कहा गया था। उसमें मंत्रियों ने इस पर चर्चा की थी कि सरकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत वास्तविक लाभार्थियों तक कैसे पहुंचाया जाए और नागरिकों से प्रभावी ढंग से कैसे जुड़ा जाए। उस बैठक में मंत्रिपरिषद को आठ समूहों में बांटा गया था और प्रधानमंत्री ने हर समूह के साथ अलग बातचीत के अलावा सभी मंत्रियों को सामूहिक रूप से भी संबोधित किया था।
केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें भी चल रही हैं, हालांकि सरकार की ओर से इस पर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। हाल में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने संकेत दिए थे कि जल्द कैबिनेट विस्तार हो सकता है। उन्होंने कहा था कि पहले शीतकालीन सत्र से पहले विस्तार की संभावना थी, लेकिन अब यह सत्र से पहले होगा या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है। उनके मुताबिक बहुत जल्द विस्तार होने की संभावना है, जिसमें नए चेहरों को मौका मिल सकता है।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी सरकार के विभिन्न क्षेत्रों में सुधारों पर जोर देते रहे हैं। उन्होंने पहले भी मंत्रिमंडल के सहयोगियों से कहा है कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना और उनका जीवन आसान बनाना सरकार का प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए। हाल के दिनों में केंद्रीय मंत्रियों और मंत्रालयों को कामकाज की स्थिति बताने वाले लाइव डैशबोर्ड तैयार करने, प्रगति की समीक्षा करने और कर्मचारियों से संवाद करने जैसे निर्देश दिए गए हैं। मंत्रियों से अपने मंत्रालयों की वेबसाइट को अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने को भी कहा गया है।
