सड़क हादसों में घायल मरीजों को अब सरकारी मेडिकल कॉलेजों और उनसे जुड़े अस्पतालों में भी कैशलेस इलाज मिल सकेगा। केंद्र सरकार प्रधानमंत्री-राहत योजना का दायरा बढ़ाने की तैयारी कर रही है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों के डीन, निदेशक और प्राचार्यों को योजना से जुड़ने की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। 13 फरवरी 2026 को शुरू हुई इस योजना के तहत मोटर वाहन हादसे में घायल पात्र व्यक्ति को अधिकतम सात दिन तक डेढ़ लाख रुपये का कैशलेस इलाज मिलता है। इसके लिए अस्पताल का योजना में पंजीकृत होना जरूरी है। इसका उद्देश्य आर्थिक परेशानी के कारण इलाज में देरी रोकना और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों के जुड़ने से योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा का दायरा और बढ़ेगा।

उपग्रहों से अब बनेगी देश के शहरों की सटीक 3डी तस्वीर। अंतरिक्ष क्षेत्र को बढ़ावा देने वाली सरकारी संस्था इन-स्पेस ने मंगलवार को तीन भारतीय कंपनियों का चयन किया। ये कंपनियां देश के शहरों की त्रिआयामी (3डी) तस्वीरें तैयार करने वाली स्वदेशी उपग्रह आधारित प्रणाली विकसित करेंगी। इन-स्पेस के मुताबिक, स्पेसपिक्सल टेक्नोलॉजीज, कलीडियो स्पेस सिस्टम्स और अजिस्ता इंडस्ट्रीज को कुल 1.46 करोड़ रुपये की शुरुआती मदद दी जाएगी। यह राशि बीज निधि योजना के तहत मिलेगी। पहल का उद्देश्य मानव बस्तियों की उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें और सटीक भौगोलिक आंकड़े जुटाना है। इनका इस्तेमाल शहरी नियोजन, बुनियादी ढांचे के विकास, आबादी के आकलन और आपदा जोखिम की पहचान में होगा। प्रणाली से इमारतों, सड़कों और अन्य निर्माणों की विस्तृत जानकारी मिलेगी। इससे शहरी क्षेत्रों की निगरानी और विकास योजनाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। यह प्रणाली भारतीय उपग्रहों के आंकड़ों पर आधारित होगी। इसका शुरुआती परीक्षण बंगलूरू और शिमला में किया जाएगा।

नौकरी के लिए भेजा एक ई-मेल मिला 45 लाख रुपये का ऑफर। अच्छी नौकरी पाने के लिए अब सिर्फ जॉब पोर्टल पर आवेदन करना ही एकमात्र रास्ता नहीं है। कंपनियों के संस्थापकों और भर्ती प्रबंधकों को सीधे ई-मेल भेजकर भी लाखों रुपये सालाना का नौकरी प्रस्ताव हासिल किया जा सकता है। मनीकंट्रोल के मुताबिक, रेडिट पर एक गैर-तकनीकी पेशेवर ने दावा किया है कि इस तरीके से उसे 45 लाख रुपये सालाना तक का नौकरी प्रस्ताव मिला। उसने बताया कि उसे करीब-करीब हर नौकरी सीधे ई-मेल के जरिये ही मिली।

इस पेशेवर ने नौकरी तलाशने वालों को सलाह दी कि वे कंपनी के संस्थापक या भर्ती प्रबंधक को व्यक्तिगत ई-मेल भेजें। इसमें अपना परिचय, अनुभव और प्रमुख कौशल संक्षेप में बताएं। साथ ही यह भी स्पष्ट करें कि संबंधित कंपनी में काम करने में उनकी रुचि क्यों है और वे किस पद के लिए उपयुक्त हैं। ई-मेल के साथ बायोडाटा और काम के नमूनों का लिंक भी भेजें। सिर्फ नौकरी मांगने के बजाय कंपनी के उत्पाद या कारोबार के बारे में अपनी समझ और कोई उपयोगी सुझाव साझा करें। इससे सामने वाले को आपकी तैयारी और क्षमता का अंदाजा मिलता है। हर कंपनी के लिए अलग और व्यक्तिगत ई-मेल लिखें। एक ही संदेश कई कंपनियों को भेजने से बचें। जवाब नहीं मिलने पर चार से पांच दिन बाद विनम्रता से फॉलोअप भी करें। पेशेवर का कहना है कि नौकरी मांगने के बजाय कंपनी को यह वजह बताएं कि उसे आपसे बात क्यों करनी चाहिए।