पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में महंगाई, आटे-बिजली की किल्लत और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर पिछले कुछ समय से स्थानीय लोग पाकिस्तान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। जॉइंट आवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) के नेतृत्व में मुजफ्फराबाद, रावलाकोट, कोटली, मीरपुर और धीरकोट सहित कई इलाकों में चल रहे इन प्रदर्शनों को कुचलने के लिए पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी आईएसआई ने जिस तरह के हथकंडे अपनाए, उसकी वजह से आईएसआई और आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) में फूट पड़ गई है।

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल मई में हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद से जैश काफी हद तक निष्क्रिय रहा है, लेकिन पीओके में जारी विरोध-प्रदर्शनों को लेकर पाकिस्तानी प्रशासन के रवैये से संगठन के कुछ सदस्य नाराज हो गए हैं। इन सदस्यों ने सवाल उठाया है कि बुनियादी अधिकारों, बेहतर नागरिक सुविधाओं और जीवन स्तर में सुधार की मांग कर रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ इतनी ज्यादा ताकत का इस्तेमाल क्यों किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, पाक सेना और आईएसआई ने कुछ महीने पहले जैश और लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों को प्रदर्शन स्थलों में घुसपैठ कराने, हिंसा भड़काने और बल प्रयोग को सही ठहराने के लिए चुना था, लेकिन यह साजिश उलटी पड़ गई। जिसे घुसपैठ समझा जा रहा था, वह जैश के सदस्यों का वास्तविक असंतोष निकला, जो खुद प्रदर्शनों का हिस्सा बन गए। स्थिति बिगड़ते देख आईएसआई ने जैश कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी को एक डोजियर सौंपकर रावलाकोट में प्रदर्शनों में शामिल 23 सदस्यों पर तुरंत लगाम कसने की हिदायत दी है।

जैश के लोगों ने पाक सेना पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ गोलियां चलाने, उन्हें जबरन गायब करने और अत्यधिक बल प्रयोग करने के आरोप लगाए हैं। वहीं, ऑपरेशन सिंदूर के बाद से मसूद अजहर समेत जैश की शीर्ष नेतृत्व छिपी हुई है और उसकी कोई सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज नहीं हुई है, जिससे कैडर अपने संगठन से जुड़ने पर सवाल उठा रहे हैं। खुफिया ब्यूरो (आईबी) के अनुसार, जैश का मानना है कि पाकिस्तान की इस कठोर कार्रवाई ने स्थानीय आबादी को अलग-थलग कर दिया है, जिसके गंभीर परिणाम देखने को मिल सकते हैं।