राजस्थान की पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में स्वदेशी काउंटर-ड्रोन माइक्रो-मिसाइल प्रणाली ज्वाला एमके-1 का सफल परीक्षण किया गया है। रक्षा उपकरण निर्माता कंपनी आईजी डिफेंस के मुताबिक यह प्रणाली आधुनिक युद्ध में दुश्मन के ड्रोनों से बढ़ते खतरे से निपटने के लिए विकसित की गई है। कंपनी का कहना है कि इससे आसमान में आते दुश्मन ड्रोनों की पहचान कर उन्हें नष्ट किया जा सकता है।

कंपनी के अनुसार ज्वाला एमके-1 एक हार्ड-किल प्रणाली है, जिसकी मारक क्षमता पांच किलोमीटर तक है। इसे स्वदेशी, स्वायत्त और किफायती समाधान बताया गया है। प्रणाली को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित मिशन ऑटोनॉमी सिस्टम ग्रिड से लैस किया गया है।

ज्वाला एमके-1 की सबसे अहम विशेषता यही एआई आधारित मिशन ऑटोनॉमी और बैटल मैनेजमेंट सिस्टम ग्रिड है। कंपनी के मुताबिक यह सेंसर से मिलने वाले डेटा का विश्लेषण कर संभावित खतरे का अनुमान लगाता है। साथ ही ड्रोन की पहचान और वर्गीकरण कर लक्ष्य पर निशाना साधा जा सकता है। इस तरह लक्ष्य की पहचान से लेकर उसे नष्ट करने तक की पूरी प्रक्रिया एक ही तकनीकी ढांचे में समाहित है।

कंपनी के संस्थापक बोधिसत्व संघप्रिय ने कहा कि कंपनी ऐसे स्वदेशी रक्षा सिस्टम विकसित करने पर काम कर रही है।