पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर बुधवार दोपहर करीब 1 बजे हत्या के एक आरोपी पर छह लोगों ने जानलेवा हमला किया। हमलावरों ने पहले धारदार हथियार से वार किया, जिससे उसका हाथ कट गया, और फिर गोली चलाई। पीड़ित की पहचान मंदार मारुति किवले के रूप में हुई है। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दो लोग मंदार पर बार-बार कुल्हाड़ी से हमला करते दिख रहे हैं। वारदात के बाद सभी आरोपी स्कूटर से फरार हो गए। खून से लथपथ मंदार लड़खड़ाते हुए सड़क पार कर फुटपाथ पर गिर गया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने पहले मंदार का पीछा किया और फिर उस पर हमला किया। मौके से पुलिस को दो पिस्टल और एक मैगजीन मिली है। पुलिस को आशंका है कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया। हमलावरों की पहचान और वारदात की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

मंदार किवले अप्रैल 2025 में पुणे के संतोशनगर-कात्रज इलाके में शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था। पुलिस के अनुसार, यह हत्या जमीन और पैसों के विवाद में हुई थी, जिसके बाद मंदार को जेल भेजा गया था। वह चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था।

पुणे के डीसीपी (क्राइम) गौहर हसन ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1:15 बजे फायरिंग और धारदार हथियार से हमले की सूचना मिली थी। इसके बाद कोर्ट परिसर में तैनात पुलिसकर्मी घायल को ससून अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और क्राइम ब्रांच तथा संबंधित पुलिस थाने की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। हमले में करीब 4 से 5 लोग शामिल थे।