महाराष्ट्र के पुणे में शिवाजीनगर जिला न्यायालय के बाहर बुधवार को हत्या के एक आरोपी पर कथित तौर पर हमला किया गया। पुलिस के अनुसार, गेट नंबर 4 के ठीक बाहर 6 से 7 हमलावरों ने उस पर कई राउंड गोलियां चलाईं और उसके हाथ काट दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतक की पहचान मंदार मारुति किवाले के रूप में हुई है, जो 2025 में हुई शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था। शनिवार को उसे जमानत मिल गई थी और वह जेल से बाहर आया था। बुधवार को वह सुनवाई के लिए कोर्ट आया था, लेकिन सुनवाई पूरी होने से पहले ही बाहर उस पर हमला कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या 20 अप्रैल 2025 को पुणे के कटराज इलाके के संतोष नगर में हुई थी। यह हत्या जमीन और पैसे के झगड़े की वजह से हुई थी। मंदार किवाले को इसी मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस यह जांच कर रही है कि बुधवार का हमला उसी पुरानी हत्या का बदला था या कोई और मामला था।

पुलिस के अनुसार, घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 5-6 लोग दो स्कूटरों पर सवार दिख रहे हैं। एक स्कूटर पर चार हमलावर थे और दूसरे पर दो। इनमें से एक हमलावर के हाथ में खून से सना चाकू भी दिख रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर पड़ी दो बंदूकें तथा गोलियों से भरी एक मैगजीन बरामद की। पुलिस ने बताया कि हमलावरों की पहचान और तलाश के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।

इस घटना को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। NCP सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि कोर्ट आम लोगों के लिए न्याय का मंदिर होता है। अगर इसी पवित्र जगह के बाहर दिनदहाड़े खून बह रहा है, तो पुणे के आम लोग कहां जाएं? उन्होंने कहा कि पुणे में पिछले कुछ समय से गोलीबारी की घटनाएं, सड़क पर हत्याएं और महिलाओं के खिलाफ हिंसा बढ़ गई है, और सवाल उठाया कि क्या शहर में कानून और व्यवस्था नाम की कोई चीज बची है।