कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। इसकी बड़ी वजहों में व्यापक बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की खामियां शामिल हैं। उन्होंने यह बात न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी को संबोधित करते हुए कही। राहुल गांधी अमेरिका की दो दिन की यात्रा पर हैं और आज यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो का दौरा भी करने वाले हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं में निराशा बढ़ रही है। इनमें एक वर्ग मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है, जिसने औपचारिक शिक्षा हासिल की है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति पर अध्ययन किया जा रहा है और इसे समझने की कोशिश की जा रही है। इसकी सबसे अहम वजह यह है कि युवाओं को अपना भविष्य नजर नहीं आता। उन्होंने यह भी कहा कि करियर को लेकर युवाओं और उनके माता-पिता के बीच दूरी बढ़ रही है। युवा पिछली पीढ़ी की सलाह और उसके अनुभवों पर सवाल उठा रहे हैं।
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) पर राहुल गांधी ने कहा कि यह अभियान सामान्य अभियान से बिल्कुल अलग था। उन्होंने कहा कि इसमें अनुमान से 20 से 50 गुना तक ज्यादा पैसा खर्च किया गया और इस रकम को लेकर कई सवाल हैं, जिनका जवाब मिलना चाहिए।
चुनावी प्रक्रिया पर राहुल गांधी ने गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अचानक 5 लाख वोटों का मार्जिन मिल जाना संभव नहीं है और कांग्रेस के पास चुनावी नतीजों और वोटों के आंकड़ों को लेकर कई सवाल हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के पास चुनावी धांधली के सबूत हैं, जिन्हें सामने लाने के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मकसद चुनावी व्यवस्था को फिर से दुरुस्त करना है, क्योंकि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है।
