राजकोट की रहने वाली डॉली वडालिया के पास भारतीय पासपोर्ट नहीं बन पा रहा है, क्योंकि अधिकारियों के अनुसार वह भारतीय नागरिकता साबित नहीं कर पाई हैं। डॉली का जन्म फरवरी 2000 में मोज़ाम्बिक के शाई-शाई शहर में हुआ था, जहां उनके पिता केतन बराई व्यापार के सिलसिले में गए थे। जन्म के कुछ दिन बाद आए तूफ़ान और भयानक बाढ़ में परिवार का सब कुछ नष्ट हो गया। मोज़ाम्बिक में भारतीय कॉन्सुलेट की ओर से जारी एक इमरजेंसी सर्टिफ़िकेट के आधार पर परिवार 14 मार्च 2000 को डॉली को लेकर भारत लौट आया और फिर कभी मोज़ाम्बिक नहीं गया।

डॉली के माता-पिता ने मोज़ाम्बिक सरकार से उनका जन्म प्रमाणपत्र बनवाया था, जो पुर्तगाली भाषा में था। इसी आधार पर उन्हें राजकोट के स्कूल में दाख़िला मिला और स्कूल छोड़ने के प्रमाणपत्र में भी उनका जन्म मोज़ाम्बिक में दर्ज रहा। इन दस्तावेज़ों के आधार पर उन्होंने कॉलेज में दाख़िला लिया, विज्ञान विषय में स्नातक और होम साइंस (फ़ूड एंड न्यूट्रिशन) में मास्टर डिग्री हासिल की। भारत सरकार ने उन्हें आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और पैन कार्ड भी जारी किया।

जुलाई 2023 में डॉली की शादी राजकोट के खिलन वडालिया से हुई, जो कनाडा के कैलगरी शहर में काम करते हैं और उनके पास कनाडा का वर्क परमिट है। शादी के बाद परिवार ने उन्हें पति के साथ कनाडा भेजने का फ़ैसला किया, लेकिन वीज़ा के लिए पासपोर्ट ज़रूरी था। सितंबर 2023 में अहमदाबाद स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में आवेदन किया गया, जहां अधिकारियों ने मोज़ाम्बिक सरकार के जन्म प्रमाणपत्र को मान्य नहीं माना और आवेदन ख़ारिज कर दिया।

इसके बाद डॉली ने मोज़ाम्बिक में भारतीय कॉन्सुलेट के अधिकारियों से अपना जन्म प्रमाणपत्र प्रमाणित करवाया और कुछ अतिरिक्त दस्तावेज़ों के साथ मार्च 2025 में फिर पासपोर्ट के लिए आवेदन किया, लेकिन पासपोर्ट कार्यालय ने इस बार भी आवेदन स्वीकार नहीं किया। इसके बाद उन्होंने राजकोट लौटकर ज़िला कलेक्टर कार्यालय से भारतीय नागरिकता का प्रमाणपत्र हासिल करने के लिए संपर्क किया। शादी के तीन साल बाद भी पति कनाडा में और पत्नी राजकोट में रह रहे हैं। स्थानीय नेताओं के मामला केंद्र सरकार के सामने रखने के बाद डॉली को उम्मीद की एक किरण दिखाई दी है।