श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अपनी डीड में संशोधन करने जा रहा है। इस संशोधन का उद्देश्य डीड में सीईओ की नियुक्ति का प्रावधान शामिल करना और कानूनी अड़चनों को दूर करना है। ट्रस्ट में सीईओ की नियुक्ति हो चुकी है, लेकिन डीड में अब तक इसका प्रावधान नहीं है। साथ ही डीड में दोहराए गए प्रावधानों को भी दुरुस्त किया जाएगा। ट्रस्ट का कहना है कि प्रस्तावित बदलावों से ट्रस्ट की मूल भावना और नीति प्रभावित नहीं होगी।
अयोध्या से मिली जानकारी के अनुसार, संशोधन को लेकर ट्रस्टियों के बीच मंथन चल रहा है। ट्रस्ट की दो दिसंबर को प्रस्तावित बैठक में इन बदलावों पर मुहर लगना तय माना जा रहा है। बैठक से दो दिन पूर्व 30 नवंबर को महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि अयोध्या पहुंच जाएंगे। बीती दो सितंबर को मणिरामदासजी की छावनी में हुई ट्रस्ट बैठक के एजेंडे में डीड में संशोधन का विषय शामिल था, लेकिन अंतिम निर्णय नहीं हो सका था। उसी बैठक में ट्रस्ट ने सेवानिवृत्त एयरमार्शल जितेंद्र मिश्रा की सीईओ के रूप में नियुक्ति की घोषणा की थी।
ट्रस्ट अब डीड के विभिन्न प्रावधानों की समीक्षा कर कानूनी दृष्टि से भविष्य में किसी अड़चन से बचने के लिए छोटी-छोटी कमियों को संशोधन के जरिए दूर करने की योजना बना रहा है। महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने श्रीरामवल्लभाकुंज में मीडिया से अनौपचारिक चर्चा में डीड में संशोधन की संभावना की पुष्टि की थी। उनके अनुसार, डीड में कुछ स्थानों पर एक ही बात दोहराई गई है, और ऐसे प्रावधानों को कानूनी रूप से व्यवस्थित कर डीड को अधिक स्पष्ट और विधिसम्मत बनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया था कि डीड में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और कुछ ऐसी बातों को हटाने पर विचार हो रहा है, जिनकी अब आवश्यकता नहीं है।
ट्रस्ट की आगामी बैठक में मीडिया से संवाद के लिए प्रवक्ता की नियुक्ति पर भी मुहर लग सकती है। फिलहाल पूर्व राज्य सूचना आयुक्त व वरिष्ठ पत्रकार सुभाष सिंह समाचार प्रबंधक के रूप में कार्य कर रहे हैं, और उनके नाम की घोषणा आगामी बैठक में ट्रस्ट कर सकता है। साथ ही 28 अक्टूबर को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए गठित स्थाई समिति की बैठक में पारित प्रस्तावों को भी ट्रस्ट बैठक में रखा जाएगा। डीड में प्रस्तावित संशोधनों की प्रक्रिया ट्रस्टी पद्मश्री प्रख्यात अधिवक्ता के परासरन के निर्देशन में होगी। कानूनी पहलुओं की समीक्षा के बाद संशोधन का मसविदा तैयार किया गया है और संभावना है कि संशोधन संबंधी प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर बैठक में रखा जाए।
