अमेरिका में राहुल गांधी के 'कम्प्रोमाइज्ड PM' वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने नाराजगी जताई है। उन्होंने राहुल गांधी से चार सवाल पूछे हैं। रिजिजू ने 1962 के भारत-चीन युद्ध, गरीबी और भारत की पुरानी आर्थिक स्थिति को लेकर कांग्रेस से जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री का यह बयान राहुल के उस बयान के बाद आया, जिसमें उन्होंने APEC समिट के दौरान डोनाल्ड ट्रम्प, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन की एक फोटो शेयर कर मोदी पर निशाना साधा था। राहुल ने लिखा था कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री इस टेबल पर बैठे होते और एक कम्प्रोमाइज्ड PM कभी इस टेबल पर नहीं बैठ सकता।
राहुल के बयान पर BJP के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष ने भी कांग्रेस शासन के दौरान भारत की UNSC और दूसरे बड़े वैश्विक मंचों पर गैरमौजूदगी पर सवाल उठाया। संतोष ने कहा कि 1947 से 1977, 1980 से 1989, 1991 से 1996 और 2004 से 2014 तक उनकी पार्टी सत्ता में थी और कई बार उसके पास भारी बहुमत भी था, लेकिन UNSC सहित किस बड़े मंच पर भारत बैठा था।
इस बीच, 20 नवंबर को राहुल गांधी ने X पर लिखा था कि नोटबंदी और GST ने छोटे व्यापारियों को बर्बाद कर दिया और ईमानदारी से प्रतिस्पर्धा करने वाली बड़ी कंपनियों के लिए मैदान ही खत्म कर दिया। उन्होंने कहा था कि मोनोपॉली से नौकरियां नहीं पैदा होतीं, इससे कीमतें बढ़ती हैं और प्रतिस्पर्धा खत्म हो जाती है। यह बयान पीएम मोदी के FICCI कार्यक्रम में दिए गए उस बयान पर आया था, जिसमें कहा गया था कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स 30% से घटाकर 22% किया और 12 लाख रुपए तक की सालाना कमाई टैक्स फ्री कर दी, लेकिन क्या कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी और संख्या बढ़ाई।
राहुल ने यह भी लिखा था कि मोदी जी, लूट तो आपने और आपके दोस्तों ने की है, देश ने इसे देखा है और आज भी देख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया था कि हवाई अड्डे, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़कें सब कुछ उन्हें सौंप दिया गया, लेकिन उन्होंने कितनी नौकरियां पैदा कीं। राहुल के इन बयानों पर कॉन्फेडरेशन ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के महासचिव और चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने नाराजगी जताई। उन्होंने राहुल के आरोपों को राजनीतिक दिखावा बताया और कहा कि ये बयान देश के व्यापारिक समुदाय और अर्थव्यवस्था में उसके योगदान की संतुलित समझ को नहीं दर्शाते।
