हरिद्वार जिले के कैंसर मरीजों को कीमोथेरेपी के लिए अब बड़े शहरों और मेडिकल कॉलेजों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्वास्थ्य विभाग ने रुड़की के सिविल अस्पताल में डे केयर कैंसर सेंटर शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए एक चिकित्सक और अन्य स्वास्थ्यकर्मी को विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है। सेंटर जल्द शुरू होने की उम्मीद है, हालांकि अस्पताल प्रबंधन को अभी इस संबंध में आधिकारिक आदेश का इंतजार है।

राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम के तहत प्रदेश के चार जिलों देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और पौड़ी गढ़वाल में पहले चरण में डे केयर कैंसर सेंटर खोले जाने हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत इन केंद्रों पर मरीजों को सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों और नर्सिंग अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके तहत एम्स ऋषिकेश के आन्कोलाजी विभाग में चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को एक-एक महीने का प्रशिक्षण दिया गया है।

रुड़की सिविल अस्पताल में इस सेंटर के संचालन के लिए डॉ. शैलेश तिवारी और एक अन्य स्वास्थ्यकर्मी को एम्स ऋषिकेश में एक माह का प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी एम्स के विशेषज्ञों की निगरानी में कैंसर मरीजों को कीमोथेरेपी देंगे। सेंटर में सरकारी अस्पतालों में पंजीकृत कैंसर मरीजों के उपचार की व्यवस्था की जाएगी, जहां मरीजों को कीमोथेरेपी के साथ दवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गंभीर मरीजों का उपचार इस केंद्र में नहीं किया जाएगा।

सिविल अस्पताल में सेंटर के संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जानी हैं। इस संबंध में सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि अभी तक उन्हें इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।