उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चर्चा के बीच शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ की है। गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए राउत ने योगी आदित्यनाथ को हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा बताया और कहा कि यदि योगी नहीं हैं तो यूपी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि योगी जी ने खुद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है, जो काबिल-ए-तारीफ है। राउत ने विश्वास जताया कि चुनाव के बाद भी योगी ही राज्य का नेतृत्व करेंगे और उनकी पार्टी को बहुमत मिलेगा।
इस बीच, बुधवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि विधानसभा चुनावों के बाद पार्टी के चुने हुए विधायक ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला करेंगे। मौर्य ने कहा कि चुनाव के समय बीजेपी का चेहरा कमल का फूल होता है और चुनाव इसी के आधार पर लड़े जाते हैं। चुनाव के बाद विधायकों की बैठक होती है और केंद्रीय पर्यवेक्षक आते हैं।
अपने पद के दावेदार होने के सवाल पर मौर्य ने कहा कि कोई भी व्यक्ति यह तय नहीं करता है। उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस को प्राइवेट लिमिटेड कंपनियां बताते हुए कहा कि बीजेपी में एक व्यवस्था है, जिसके तहत 2027 में जो भी होगा वह सामने आ जाएगा।
