सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने सारनाथ में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित धर्म चक्र प्रवर्तन सूत्र पाठ समारोह में कहा कि वर्तमान में दुनिया युद्धकाल से जूझ रही है, ऐसे समय में भगवान बुद्ध के उपदेश विशेष रूप से प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि सारनाथ के पुरातात्विक स्थलों का विश्व धरोहर सूची में शामिल होना सौभाग्य की बात है। मंत्री ने यह बातें महा करुणा बुद्ध विहार सिंगापुर के तत्वावधान में सारनाथ पुरातात्विक खंडहर परिसर में धमेख स्तूप के समक्ष आयोजित समारोह में कहीं।
मंत्री ने कहा कि भगवान बुद्ध ने मानवता के विकास एवं कल्याण के लिए मैत्री, करुणा और शांति का संदेश सारनाथ में दिया, जो पूरे विश्व में फैला है। समारोह में भगवान बुद्ध की प्रतिमा रखकर धर्म चक्र प्रवर्तन सूत्र पाठ किया गया।
इस अवसर पर महा करुणा बुद्ध विहार सिंगापुर के अध्यक्ष भिक्षु गुणरत्न महाथेरा ने राज्य मंत्री को भगवान बुद्ध की स्वर्ण प्रतिमा भेंट की। इसके बाद देशी-विदेशी बौद्ध भिक्षुओं ने धम्म चक्क पवत्तन सूत्र पाठ किया।
सूत्र पाठ के मुख्य संयोजक भिक्षु आलोक, भिक्षु धर्मशील, संजय मौर्य, शशांक मौर्या, शिल्पी शाक्य, अजय शाक्य, विशेष शाक्य और अनुभव शाक्य सहित थाईलैंड, सिंगापुर और श्रीलंका के बौद्ध भिक्षु इस कार्यक्रम में शामिल रहे।
