शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के फोरम में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की मौजूदगी को लेकर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार पर सवाल उठा रही है। इस मामले पर अब भाजपा की तरफ से भी बयान सामने आया है। भाजपा नेता नलिन कोहली ने बात करते हुए साफ किया कि पाकिस्तान के मंत्री को कोई अलग से न्यौता नहीं दिया गया था और दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध पहले जैसे ही हैं। उन्होंने कहा कि यह एक बहुदेशीय सम्मेलन है, जिसमें सभी देशों के प्रतिनिधि आए हुए हैं। कोहली ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने स्पष्ट किया है कि आतंकवाद और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। उन्होंने कहा कि भाजपा को विदेश नीति के मुद्दे पर कांग्रेस से सीखने की जरूरत नहीं है।

कांग्रेस की तरफ से प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने पाकिस्तानी मंत्री के पुराने बयानों की तरफ इशारा करते हुए सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब भारत ने सिंधु जल संधि अमान्य घोषित की थी, उस वक्त उन्होंने भारत के हाथ काटने की बात कही थी। श्रीनेत ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर प्रधानमंत्री मोदी और पाकिस्तानी मंत्री की एक तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों एक ही पंक्ति में कुछ दूरी पर बैठे नजर आते हैं। तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी से तीन सीट दूर बैठे पाकिस्तान के इस मंत्री ने हाथ काटने और खून बहाने की बात की थी। इसके बाद उन्होंने कथनी और करनी में अंतर का जिक्र करते हुए एक और कोलाज भी साझा किया।

बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत की यात्रा पर आया है। भारत ने आखिरी बार किसी पाकिस्तानी मंत्री का स्वागत तीन साल पहले किया था, जब तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी एससीओ समिट के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए आए थे। अभी पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक एससीओ की सिविलाइजेशनल डॉयलॉग में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हुए हैं। शंघाई कॉर्पोरेशन ऑर्गनाइजेशन की इस फोरम को भारत के नेतृत्व में ही शुरू किया गया है।