राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के संस्थापक शरद पवार और उनकी पार्टी को लेकर पिछले कुछ महीनों से अटकलें लगाई जा रही हैं। इनमें यह चर्चा भी शामिल है कि वह भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में जा सकते हैं। इस बीच सुनेत्रा पवार की अगुवाई वाली NCP के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल ने मंगलवार (24 नवंबर) को इस पर अपनी राय रखी।

भुजबल ने संवाददाताओं से कहा कि राजनीतिक बैठकों और चर्चाओं से अक्सर संभावित समीकरणों को लेकर अटकलें लगने लगती हैं। उन्होंने कहा, ''निजी रूप से, मुझे नहीं लगता कि शरद पवार NDA में शामिल होंगे। यह मेरी अपनी राय है। हालांकि, किसी खास मुद्दे पर, अगर उन्हें सही लगे, तो वह राजग नीत सरकारों या केंद्र सरकार का समर्थन कर सकते हैं।'' उन्होंने कहा कि जब तक शरद पवार इस बारे में औपचारिक फैसला नहीं करते, तब तक यह चर्चा महज अटकलें हैं।

परिसीमन विधेयक पर भुजबल ने कहा कि उचित जांच-पड़ताल के बाद NCP (शरद पवार) इसका समर्थन कर सकती है। सुप्रिया सुले की टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि अगर पार्टी को लगता है कि यह मुद्दा सही है, तो वह इसके महत्व को समझने के बाद समर्थन दे सकती है। बता दें कि इसी साल अप्रैल में लोकसभा में यह बिल पेश हुआ था, लेकिन दो तिहाई संख्या बल न होने के कारण वह गिर गया था। ये अटकलें ऐसे वक्त पर हैं, जब केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार परिसीमन बिल पारित कराने के लिए सांसदों का जुगाड़ जुटाने में लगी है।

इस बीच सुप्रिया सुले ने उन खबरों को खारिज किया है, जिनमें अगले महीने जन्मदिन पर शरद पवार के सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की अटकलें लगाई गई थीं। उन्होंने कहा कि उनके पिता अभी भी राज्यसभा के सदस्य हैं और उनका पांच साल का कार्यकाल बाकी है। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि शरद पवार के संन्यास पर चर्चा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पवार जीवन में कभी नहीं रुकेंगे और कुछ न कुछ सकारात्मक काम करते रहेंगे।