कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इस्राइल संबंधी बयान का समर्थन किया है। थरूर ने कहा कि कांग्रेस फलस्तीन के अलग देश के अधिकार और इस्राइल के शांति व सुरक्षा के साथ जीने के अधिकार, दोनों का समर्थन करती है। उनके मुताबिक, किसी भी पक्ष को दूसरे पक्ष के आम नागरिकों की हत्या का अधिकार नहीं है। उन्होंने सात अक्तूबर के हमले में निर्दोष लोगों को निशाना बनाना गलत बताया और गाजा में जवाबी कार्रवाई के दौरान आम नागरिकों की मौत को भी स्वीकार नहीं किया जा सकता।
थरूर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राहुल गांधी की इस्राइल के साथ भारत के रणनीतिक संबंधों और रक्षा खरीद जारी रखने की टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर राहुल गांधी की आलोचना की थी। विजयन ने राहुल पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि गाजा में हजारों निर्दोष लोगों और बच्चों की मौत के बीच राहुल गांधी इस्राइल के साथ मजबूत संबंधों और हथियारों की खरीद का समर्थन कर रहे हैं। विजयन ने इसे फलस्तीन के मुद्दे पर कांग्रेस का विरोधाभासी रुख बताया और राहुल के रुख को साम्राज्यवाद समर्थक कहा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की विदेश नीति का जिक्र करते हुए कहा कि वह नीति साम्राज्यवाद के खिलाफ और फलस्तीन के संघर्ष के समर्थन में थी।
थरूर ने विजयन की आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि भारत का रुख भी संतुलित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत फलस्तीनियों के अपने देश और सम्मानजनक आजीविका के अधिकार का समर्थन करता है, साथ ही इस्राइल को भी शांति और सुरक्षा के साथ रहने का अधिकार है। थरूर के मुताबिक, फलस्तीन के अलग देश के अधिकार और इस्राइल की सुरक्षा, दोनों का समर्थन करना विरोधाभासी नहीं है। उनका कहना है कि दोनों पक्षों के नागरिकों की जान और सुरक्षा सबसे अहम है।
विजयन की आलोचना और थरूर के समर्थन से फलस्तीन-इस्राइल मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। इस विवाद के केंद्र में यह सवाल है कि भारत को फलस्तीन के अधिकारों और इस्राइल के साथ अपने रणनीतिक संबंधों के बीच किस तरह संतुलन बनाना चाहिए।