देश के सबसे चर्चित शीना बोरा हत्याकांड का मुकदमा अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर चल रही रोजाना सुनवाई के बीच सीबीआई ने मंगलवार को विशेष अदालत को बताया कि उसकी ओर से अब कोई और सबूत या गवाह पेश नहीं किया जाएगा। एजेंसी ने 150 गवाहों के बयान दर्ज कराए हैं, जिनमें आखिरी गवाह मामले के जांच अधिकारी के.के. सिंह रहे। इस मामले में पूर्व मीडिया अधिकारी इंद्राणी मुखर्जी, उनके पूर्व पति पीटर मुखर्जी और संजीव खन्ना मुख्य आरोपी के तौर पर मुकदमे का सामना कर रहे हैं।

सीबीआई की ओर से सबूत पेश करने का सिलसिला थमने के बाद अब अदालत आरोपियों के बयान दर्ज करेगी। इसके लिए आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 313 के तहत मुकदमे के दौरान सामने आए सबूतों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपियों से सीधे सवाल पूछे जाएंगे। हालांकि, इससे पहले आरोपियों को अपने बचाव में गवाह पेश करने का मौका मिलेगा। इसके बाद सरकारी और बचाव पक्ष के वकील अदालत में अपनी अंतिम दलीलें रखेंगे और दोनों पक्षों की बहस पूरी होते ही अदालत फैसला सुरक्षित रख सकती है।

सीबीआई की जांच के मुताबिक, इंद्राणी मुखर्जी, पीटर मुखर्जी, संजीव खन्ना और ड्राइवर श्यामवर राय ने मिलकर इंद्राणी की पहली शादी से हुई बेटी शीना बोरा के अपहरण और हत्या की साजिश रची थी। एजेंसी का आरोप है कि 24 अप्रैल 2012 को इंद्राणी, संजीव और ड्राइवर राय ने एक कार में शीना का अपहरण किया, कार में ही उसे नशीला पदार्थ दिया गया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने के इरादे से शव को रायगढ़ जिले के पेन इलाके के जंगल में ठिकाने लगाया गया था। अगस्त 2015 में खार पुलिस द्वारा अवैध हथियार के मामले में गिरफ्तार ड्राइवर श्यामवर राय से पूछताछ के दौरान यह राज खुला था। बाद में यह केस सीबीआई को सौंपा गया, जहां राय सरकारी गवाह बन गया।

जनवरी 2017 में विशेष अदालत ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, अपहरण, सबूत मिटाने, आपराधिक साजिश और पुलिस को गुमराह करने के आरोप तय किए थे। इंद्राणी और संजीव खन्ना पर इंद्राणी के बेटे मिखाइल बोरा की हत्या की कोशिश करने का आरोप भी लगा, जबकि पीटर मुखर्जी को इस आरोप से अलग रखा गया। सभी आरोपियों ने खुद को बेकसूर बताया है। सीबीआई ने हत्या के पीछे सबसे बड़ी वजह पीटर के बेटे राहुल मुखर्जी और शीना के प्रेम संबंधों को बताया था। मुकदमे के दौरान अक्टूबर 2019 में जेल में रहते हुए ही इंद्राणी और पीटर ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया। दिसंबर 2021 में इंद्राणी ने सीबीआई को पत्र लिखकर दावा किया था कि शीना जिंदा है, जिसे एजेंसी ने खारिज कर दिया। मई 2022 में इंद्राणी को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई थी।