नौ साल से चल रहे शीना बोरा हत्याकांड के मुकदमे में सीबीआई ने 150 गवाहों के बयान दर्ज कराने के बाद विशेष अदालत को बताया है कि उसकी ओर से अब और सबूत या गवाह पेश नहीं किए जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर रोजाना सुनवाई चल रही है। इस मामले में पूर्व मीडिया अधिकारी इंद्राणी मुखर्जी, उनके पूर्व पति पीटर मुखर्जी और संजीव खन्ना मुख्य आरोपी के तौर पर मुकदमे का सामना कर रहे हैं।
सीबीआई की ओर से सबूत पेश करने का सिलसिला थमने के बाद अब अदालत आरोपियों के बयान दर्ज करेगी। आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 313 के तहत आरोपियों से मुकदमे के दौरान सामने आए सबूतों और गवाहों की बातों के आधार पर सीधे सवाल पूछे जाएंगे। इससे पहले आरोपियों को अपने बचाव में गवाह पेश करने का मौका भी मिलेगा। इसके बाद सरकारी और बचाव पक्ष के वकील अदालत में अपनी अंतिम दलीलें रखेंगे। दोनों पक्षों की बहस पूरी होते ही अदालत इस हाई-प्रोफाइल मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख सकती है।
सीबीआई की जांच के मुताबिक, इंद्राणी मुखर्जी, पीटर मुखर्जी, संजीव खन्ना और ड्राइवर श्यामवर राय ने मिलकर इंद्राणी की पहली शादी से हुई बेटी शीना बोरा के अपहरण और हत्या की साजिश रची थी। एजेंसी का आरोप है कि 24 अप्रैल 2012 को इंद्राणी, संजीव और ड्राइवर राय ने एक कार में शीना का अपहरण किया, कार में ही उसे नशीला पदार्थ दिया गया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने के इरादे से उसके शव को रायगढ़ जिले के पेन इलाके के जंगल में ठिकाने लगाया गया था। यह मामला अगस्त 2015 में खुला, जब खार पुलिस अवैध हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार ड्राइवर श्यामवर राय से पूछताछ कर रही थी और उसने शीना की हत्या का सच उगल दिया। बाद में यह केस सीबीआई को सौंपा गया, जहां राय सरकारी गवाह बन गया।
जनवरी 2017 में विशेष अदालत ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, अपहरण, सबूत मिटाने, आपराधिक साजिश और पुलिस को गुमराह करने के आरोप तय किए थे। इंद्राणी और संजीव खन्ना पर इंद्राणी के बेटे मिखाइल बोरा की हत्या की कोशिश करने का आरोप भी लगा, जबकि पीटर मुखर्जी को इस आरोप से अलग रखा गया। सभी आरोपियों ने खुद को बेकसूर बताया है। सीबीआई ने हत्या के पीछे सबसे बड़ी वजह पीटर के बेटे राहुल मुखर्जी और शीना के प्रेम संबंधों को बताया था। मुकदमे के दौरान अक्टूबर 2019 में जेल में रहते हुए ही इंद्राणी और पीटर ने तलाक ले लिया, मार्च 2020 में पीटर को जमानत मिली और मई 2022 में इंद्राणी को भी जमानत मिल गई। दिसंबर 2021 में इंद्राणी ने सीबीआई को पत्र लिखकर दावा किया था कि शीना जिंदा है, जिसे एजेंसी ने खारिज कर दिया।