शिवसेना (यूबीटी) की पिंपरी-चिंचवड इकाई ने शाइना एनसी को थप्पड़ मारने वाले के लिए 71 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। यह घोषणा पार्टी की पिंपरी-चिंचवड के अध्यक्ष चेतन पवार ने गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए की। उन्होंने कहा कि मुंबई में पार्टी के एक पदाधिकारी ने पहले ही ऐसे व्यक्ति के लिए 1 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है, और अब पिंपरी-चिंचवड इकाई की ओर से 71 हजार रुपये का अतिरिक्त इनाम रखा गया है।

यह विवाद कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में हिंदुत्व विचारक वीडी सावरकर के जिक्र के विरोध से जुड़ा है। इसी विरोध में शिवसेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी, जिसमें पार्टी नेताओं ने किताब के पन्ने फाड़े। इस दौरान शाइना एनसी को एक तस्वीर फाड़ते देखा गया, जिसमें बालासाहेब ठाकरे कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले पर चप्पल मारते हुए दिख रहे थे।

शिवसेना (यूबीटी) के नेताओं ने इसकी आलोचना की। शाइना ने जानबूझकर बालासाहेब का अपमान करने से इनकार किया और कहा कि उन्होंने तस्वीर का वह हिस्सा फाड़ा था जिसमें अय्यर दिख रहे थे, दिवंगत शिवसेना संस्थापक की तस्वीर नहीं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी उनका बचाव किया।

विवाद बढ़ता देख गुरुवार को शाइना एनसी ने बालासाहेब के प्रशंसकों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि अगर उनकी किसी हरकत से उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो इसके लिए माफी मांगती हैं। उन्होंने कहा कि उनका बालासाहेब का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था।