सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने आरोप लगाया है कि सरकार ने उन्हें घर में नजरबंद किया है और इस पर भारी रकम खर्च की जा रही है। बुधवार को जारी करीब ढाई मिनट के एक वीडियो संदेश में उन्होंने नजरबंदी और जोधपुर जेल में बिताए छह महीनों का जिक्र किया। वांगचुक ने दावा किया कि उन्हें गिरफ्तार करने और छह महीने जेल में रखने पर लगभग एक करोड़ रुपये का खर्च आया, जबकि उनके अनुसार एक कैदी पर छह सिपाही तैनात थे और महीने में करीब छह लाख रुपये का खर्चा आ रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि स्पेशल हवाई जहाज से ले जाने पर भी लाखों रुपये खर्च हुए होंगे। उनका कहना है कि नजरबंदी के दौरान 20 से 25 सिपाही और 12 से 15 गाड़ियां तैनात हैं, जिस पर दोबारा लगभग एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

वांगचुक ने कहा कि लद्दाख में लंबे समय से कोई टैक्स नहीं लिया जाता, इसलिए उन पर भी टैक्स देने की जरूरत नहीं है, लेकिन वह सालों से अपना टैक्स देते आए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कर के पैसे इस तरह के खर्चों पर लगाए जा रहे हैं, तो क्या उन्हें टैक्स देना बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पैसा स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और सीमाओं पर तैनात सैनिकों की सुविधाओं पर खर्च होना चाहिए। वीडियो में उन्होंने सोलर हीटिंग के जरिए घर के अंदर और बाहर के तापमान के अंतर का जिक्र करते हुए बाहर तैनात सिपाहियों की ठंड में ड्यूटी का भी उल्लेख किया।

इससे पहले वांगचुक ने बताया था कि प्रस्तावित काउंसिल चुनावों के विरोध में लद्दाख में कई जगहों पर प्रदर्शन हो रहे हैं और उनकी रिहाई का मुद्दा भी इन प्रदर्शनों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा था कि लद्दाख के हर इलाके और हर गांव के लोग इस चुनाव का विरोध कर रहे हैं। वांगचुक ने घर में नजरबंद किए जाने के खिलाफ अदालत का रुख किया है और कहा है कि उन्हें अदालतों पर पूरा भरोसा है।